देहरादून I प्रधानमंत्री की सुरक्षा में शामिल इंस्पेक्टर के बड़ोवाला स्थित आवास से चोरों ने लाखों रुपये का माल चुरा लिया। चोरों ने तीन कमरों के अलमारी के ताले तोड़कर कैश और जेवरात पर हाथ साफ किया। इंस्पेक्टर का परिवार दो घंटे के लिए पड़ोस में आयोजित शादी समारोह में गया हुआ था। परिवार लौटा तो वारदात का खुलासा हुआ।
पटेलनगर के बड़ोवाला निवासी पूर्व सैनिक मनबर सिंह रावत का एक बेटा प्रधानमंत्री की सुरक्षा में है तो दूसरा सीआईएसएफ में इंस्पेक्टर है। तीसरा बेटा दुबई में है। जबकि चौथा बेटा देहरादून में एसबीआई बैंक में अधिकारी हैं।

रावत के पड़ोस में रहने वाले जोशी परिवार के  यहां रविवार रात को शादी थी। मनबर सिंह रावत घर के गेट पर ताला लगाकर परिवार के साथ रात आठ बजे शादी समारोह में गए हुए थे। करीब दस बजे लौटे तो घर के अंदर का नजारा देखकर दंग हो गए।

मकान के पीछे की दीवार फांदकर चोरों ने चैनल का ताला तोड़ने के साथ दूसरे गेट की जाली काटकर घर में प्रवेश किया। उसके बाद तीन कमरों की अलमारी के ताले तोड़कर चोरों ने कैश और जेवरात पर हाथ साफ किया।
एक अलमारी का तो पल्ला भी गायब
जबकि एक अलमारी का तो पल्ला ही उखाड़ लिया गया। पूर्व सैनिक के घर में चोरी की खबर मिलते ही रात में लोगाें का जमघट लग गया। पटेलनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। पीड़ित के बेटे अरुण रावत ने बताया कि चोर घर से पांच हजार रुपये की नगदी के अलावा करीब तीन लाख रुपये के जेवरात ले गए हैं। 

लैपटॉप और मोबाइल नहीं उठाए
चोरों ने घर में रखे लैपटॉप और मोबाइल को उठाने का रिस्क नहीं लिया। अलमारियों के अलावा बेड अथवा दूसरी जगह को चेक नहीं किया। एक खुली अलमारी में एक पर्स भी रखा हुआ था, जिसमें करीब 12 हजार रुपये थे। शायद चोरों की उस पर नजर नहीं पड़ी। 

चौकी स्थापित करने की मांग
भाजपा महानगर उपाध्यक्ष विनय रावत ने बड़ोवाला में चौकी स्थापित कराने की मांग दोहराई है। उन्हाेंने कहा कि अराजक तत्वाें की सक्रियता के चलते लंबे समय से यह मांग की जा रही है। पूर्व में एसएसपी के अलावा मेयर को भी इस बाबत ज्ञापन सौंपा गया था। उन्होंने कहा कि चौकी के लिए लोग जगह भी उपलब्ध कराने को तैयार हैं। बड़ोवाला में जिस तरह आबादी का विस्तार हो रहा है। ऐसे में चौकी जरूरी है।
Share To:

Post A Comment: