पहाड़ के कई हिस्सों में आज टैक्सी-मैक्सी और बसों के पहिए पूरी तरह जाम रहेंगे। वाहनों के नहीं चलने से लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती है, क्योंकि पर्वतीय क्षेत्र के रूटों पर रोडवेज बसों का संचालन बहुत कम है।
टिहरी जिले में पर्वतीय टैक्सी-मैक्सी महासंघ की 3500 के लगभग जीप-टैक्सियों का संचालन होता है। टीजीएमओ जिले में लगभग 40 से 50 बसों की सेवाएं प्रतिदिन संचालित करता है। पर्वतीय क्षेत्र में जीप-टैक्सी यूनियन और निजी बस कंपनियों के भरोसे ही यातायात व्यवस्था संचालित होती है। ग्रामीण संपर्क मार्गों पर रोडवेज की बस सेवाएं नहीं है। टिहरी गढ़वाल टैक्सी चालक एसोसिएशन के अध्यक्ष टीकम सिंह चौहान, गंगा जीप कमांडर यूनियन के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत और टीजीएमओ के स्टेशन प्रभारी विजयपाल सिंह नेगी ने बताया कि आज वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
कोटद्वार में भी प्रस्तावित हड़ताल को सफल बनाने के लिए निजी परिवहन कंपनियों और समितियों ने कमर कस ली है। गढ़वाल जीप टैक्सी समिति, जीएमटी, जीएमओयू, सिद्धबली ऑटो यूनियन, ई रिक्शा यूनियन ने हड़ताल का समर्थन करते हुए अपने वाहनों का संचालन बंद रखने का निर्णय लिया है।
गढ़वाल जीप टैक्सी समिति के अध्यक्ष अमरदीप सिंह रावत, सचिव मेहरबान सिंह चौहान, सिद्धबली ऑटो यूनियन के अध्यक्ष हरीश बड़थ्वाल, सचिव स्वयंबर प्रसाद, जीएमओयू के अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल, गढ़वाल मोटर ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, ई- रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष देवेंद्र कुंडलिया ने कहा कि वाहनों का संचालन पूर्णतया बंद रहेगा। गोपेश्वर में गोपीनाथ टैक्सी यूनियन ने भी वाहनों का संचालन बंद रखने का एलान किया है। यूनियन के अध्यक्ष जगमोहन सिंह रावत ने इस संबंध में जिलाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा है।
Post A Comment: