रुड़की I शुक्रवार को रुड़की नगर निगम के चुनाव में 64.47 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर मेयर के 10 और पार्षदों के 212 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद कर दिया। पिछले चुनाव की तुलना में इस बार कम मतदान हुआ। पिछली बार 65 फीसदी मतदान हुआ था।
नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए कुल दस प्रत्याशी मैदान में थे। हालांकि इनमें से एक प्रत्याशी भाजपा के समर्थन में बैठ चुके थे। वहीं 40 वार्ड में पार्षदों के 212 प्रत्याशी मैदान में थे। शुक्रवार को 53 मतदान केंद्रों में 149 मतदाता कक्षों में मतदाताओं ने प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया।
मतदान की निर्धारित समयसीमा पांच बजे तक चार मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लाइन लगी रही। इनमें खंजरपुर में पांच बजे करीब 250 मतदाता लाइन में लगे हुए थे, जबकि बीएसएम में करीब 50, मोहनपुरा में करीब 75 और सलेमपुर मतदान केंद्र पर करीब 70 मतदाता लाइन में लगे थे।
त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
चुनाव परिणाम बेहद दिलचस्प होने की उम्मीद है। जानकारों की माने तो मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। इनमें भाजपा प्रत्याशी मयंक गुप्ता, कांग्रेस प्रत्याशी रीशू राणा और निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा और कांग्रेस के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी गौरव गोयल भी प्रतिस्पर्धा में बने हुए हैं।
इसके अलावा बसपा प्रत्याशी राजेंद्र बाडी और निर्दलीय प्रत्याशी सुभाष सैनी को मिलने वाली वोटों पर भी लोगों की निगाहें लगी हैं। कुल मिलाकर परिणाम बेहद दिलचस्प होने की उम्मीद है।


Post A Comment: