देहरादून I प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में शनिवार 21 मार्च तक बारिश और बर्फबारी से राहत के आसार कम हैं। अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी इस सप्ताह भी जारी रह सकती है। हालांकि प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम सामान्य हो सकता है। 
मौसम केंद्र के अनुसार इस अवधि में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाये रहेंगे। इस दौरान उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर के 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है। निचले पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। ज्यादातर इलाकों में गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है।

वहीं, कई क्षेत्रों में तेज ओलावृष्टि भी हो सकती है। विशेषकर देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में ओले गिर सकते हैं। रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाये रह सकते हैं। साथ ही बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश भी हो सकती है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि ज्यादातर क्षेत्रों में 21 मार्च तक मौसम में बहुत ज्यादा परिवर्तन के आसार नहीं है। 

चार दिन से जारी बारिश-बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त

पछवादून और जौनसार बाबर में बीते चार दिन से जारी भारी बारिश और बर्फबारी से जन-जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। लोखंडी समेत आसपास की ऊंची चोटियां बर्फ की कई इंच मोटी परत से ढकी हुई हैं। 

पशुपालकों के सामने चारा-पत्ती का संकट खड़ा हो गया है। पूरा इलाका कड़ाके की ठंड की चपेट में है। बर्फबारी और बारिश के चलते शनिवार को भी छावनी बाजार क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहा। बाजार में कम चहल-पहल नजर आई। चकराता का अधिकतम तापमान 9 डिग्री और न्यूनतम 2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, विकासनगर का अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री रहा। बर्फबारी के चलते लोखंडी, मुराच, खंडबा, चाइशील, देववन, मोल्टा, मायला टॉप, कुुनैन, कथियान समेत सभी ऊंची चोटियां पूरी तरह बर्फ से ढकी हुई हैं। 

बर्फबारी के चलते लोखंडी के पास सड़क बड़े वाहनों के लिए बंद कर दी गई है। इससे पूर्व मैदानी इलाकों में दिन की शुरुआत धूप के साथ हुई, लेकिन कुछ ही देर में आसमान में काले बादल घिर आए। सुबह 10 बजे से क्षेत्र में बारिश का दौर शुरू हो गया। जो दिनभर रुक-रुककर जारी रहा। पहाड़ी अंचलों में भी सुबह से लेकर देर शाम तक रुक-रुककर भारी बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी का दौर जारी रहा।
Share To:

Post A Comment: