रुड़की I जापान से लौटे आईआईटी रुड़की के छात्र को कोरोना वायरस का संदिग्ध मरीज मानते हुए मेला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। छात्र के ब्लड सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेज दिए गए हैं। अगले 72 घंटे तक अस्पताल प्रबंधन उसे अपनी निगरानी में रखेगा। वहीं, हाल ही में अमेरिका से लौटे तीन और शोधार्थियों का मेडिकल चेकअप किया गया। तीनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
रुड़की आईआईटी का एक शोधार्थी तीन मार्च को जापान से लौटा था। इसके बाद उसे 14 दिनों के लिए आईआईटी परिसर स्थित संस्थान के अस्पताल में निगरानी में रखा गया था। शुक्रवार को उसे खांसी और गले में खरास की शिकायत हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने रुड़की सिविल अस्पताल की माइक्रो बायोलॉजिस्ट डॉ. मधुलिका से छात्र की प्राथमिक जांच कराई। जांच में मामला संदिग्ध मिलने पर छात्र का ब्लड सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेज दिया गया है
साथ ही छात्र को भर्ती करने के निर्देश दिए गए। रुड़की में व्यवस्था नहीं होने पर छात्र को हरिद्वार स्थित मेला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसे डॉक्टरों के साथ माइक्रो बायोलॉजिस्ट की निगरानी में रखा गया है। सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि छात्र के सैंपल की रिपोर्ट रविवार शाम तक मिल जाएगी। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा, लेकिन इससे पहले छात्र का इलाज शुरू करा दिया गया है।
कोरोना वायरस के चलते आईआईटी के छात्र को पॉलीथिन की वर्दी पहनाकर लाया गया। यही नहीं वाहन चालक को भी उसी तरह पॉलीथिन की वर्दी पहनाई गई थी। हालांकि छात्र देखने में पूरी तरह से स्वस्थ नजर आ रहा था, लेकिन जैसे ही छात्र अस्पताल पहुंचा तो वहां पर मौजूद स्टाफ एवं अन्य लोगों में खलबली मच गई। सभी उससे दूरी बनाने लगे।


Post A Comment: