देहरादून। बदमाश लॉकडाउन में भी लोगों को ठगने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऑनलाइन सेवाओं के नाम पर लोगों को ठगने के नए-नए तरीके आजमा रहे हैं। कुछ ऐसा ही मामला ऑनलाइन शराब बेचने का सामने आया है। मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और आइटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एसटीएफ रिधिम अग्रवाल ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए सरकार की ओर से राज्य में पूर्ण लॉकडाउन किया गया है। जिसके तहत आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को कुछ समय के लिए खोलने की छूट दी गई है। इसके अलावा सभी दुकानें व सेवाएं बंद हैं। इसी का लाभ उठाते हुए साइबर ठग ऑनलाइन सेवाओं के नाम पर लोगों को ठगने में लगे हुए हैं। इसी से जुड़ा एक मामला सामने आया है। जिसमें बदमाशों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेज बनाया है और शराब की होम डिलीवरी की बात की जा रही है।
डीएवी रोड करनपुर डालनवाला निवासी इन्दवीर सरल ने भी इस संबंध में थाना साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फेसबुक पर पेज बनाकर उस पर उनके डिपार्टमेंटल स्टोर का नाम व पता लिखकर ऑनलाइन शराब बिक्री संबंधी विज्ञापन डाला हुआ है। साथ ही मोबाइल फोन के माध्यम से लोगों से संपर्क कर शराब की होम डिलीवरी करने के नाम पर ठगी की जा रही है।


Post A Comment: