ऋषिकेश I यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता स्व. आनंद सिंह बिष्ट के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार आज ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला के पास फूलचट्टी में गंगा तट पर किया जाएगा। योगी आदित्यनाथ इस दौरान मौजूद नहीं रहेंगे। उनके अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शामिल होंगे।
पौड़ी जिला प्रशासन की ओर से अंतिम संस्कार की तैयारी कर ली गई है। स्व. आनंद सिंह बिष्ट का पार्थिव शरीर सोमवार देर शाम एंबुलेंस से यमकेश्वर स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर पहुंचा। दिल्ली एम्स से पार्थिव शरीर एक एंबुलेंस में लाया गया। जो देर शाम मेरठ, बिजनौर, नजीबाबाद और कोटद्वार होते हुए यमकेश्वर उनके गांव पहुंची।

करीब तीन माह से बीमार चल रहे थे आनंद सिंह बिष्ट
सीएम योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट (89) ने सोमवार की सुबह 10:44 बजे दिल्ली एम्स में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर लगते ही यमकेश्वर क्षेत्र में शोक की लहर छा गई। 

वन विभाग में रेंज अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त आनंद सिंह बिष्ट परिवार के साथ पैतृक गांव यमकेश्वर ब्लाक के पंचूर गांव में रह रहे थे। वह करीब तीन माह से बीमार चल रहे थे। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत उनके चार बेटे और तीन पुत्रियां हैं। सबसे बड़ी तीन बेटियां पुष्पा देवी, कौशिल्या देवी और शशि देवी हैं।

इसके बाद बड़ा बेटा मानवेंद्र सिंह है। दूसरे नंबर पर योगी आदित्यनाथ (अजय मोहन सिंह बिष्ट) हैं। तीसरे बेटे शैलेंद्र मोहन भारतीय सेना में सूबेदार के पद पर सेवारत हैं। चौथा सबसे छोटा पुत्र महेंद्र बिष्ट पत्रकारिता में है।

Share To:

Post A Comment: