देहरादून। उत्तराखंड में गुरुवार से जारी बारिश और बर्फबारी का दौर शनिवार सुबह थम गया, लेकिन दुश्वारियों का सिलसिला जारी है। बारिश और भारी बर्फबारी से कई गांवों का मुख्यालयों से संपर्क कट गया है। साथ ही हाड कंपा देने वाली ठंड से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। केदारनाथ में छह फीट से अधिक बर्फ जमी हुई है। सीमांत जिले उत्तरकाशी में बर्फबारी के कारण 35 से अधिक गांव अलग थलग पड़ गए हैं। गंगा और यमुना घाटी के 55 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे के अलावा 10 संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। नई टिहरी जिला मुख्यालय सहित जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। बर्फबारी से चंबा-मसूरी मोटर मार्ग सहित आधा दर्जन मोटर मार्ग बाधित हो गए।

दो दर्जन से अधिक गांवों में जनजीवन अस्त व्यस्त

चमोली जिले में बर्फबारी लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। पैदल रास्ते, सड़क मार्ग व विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त होने जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। घाट विकासखंड के रामणी गांव से चरबंग के लिए निकली बरात में शामिल बरातियों को बर्फबारी के चलते वापसी के दौरान 20 किमी पैदल चलना पड़ा। औली में पर्यटकों ने रोपवे व चेयर लिफ्ट व स्कीइंग का लुफ्त उठाया। 
Share To:

Post A Comment: