देहरादून । बोर्डिंग स्कूल में इस जघन्य अपराध को छुपाने वाले अपराधी कोर्ट का फरमान सुनते ही फफक फफककर रोने लगे। स्कूल की सर्वेसर्वा लता गुप्ता तो इतनी आहत हुई कि कुछ देर बाद ही जमीन पर बैठ गई।
मुख्य आरोपी छात्र सर्वजीत भी जेल जाते वक्त मां को देखकर रोने लगा। सोमवार को जिला जज कंपाउंड में इस ऐतिहासिक फैसले के लिए जानने वालों की भीड़ लगी थी। कोर्ट रूम के बाहर सभी आरोपी और उनके नाते रिश्तेदार भी मौजूद थे। एक दूसरे को ढांढस बंधाते हुए वे ईश्वर से प्रार्थना भी कर रहे थे।

कुछेक ने कई टोटके भी किए। लगा कि किसी ने उन्हें आश्वस्त किया हो कि यह सब करने से फैसला उनके खिलाफ नहीं आएगा। भीड़ जरूर थी, मगर सन्नाटा पसरा था। कुछ देर बाद कोर्ट से आवाज लगी तो सभी को अंदर दाखिल होना पड़ा।

सभी अपने अपने वकीलों के आश्वासन पर चिंतामुक्त भी लग रहे थे। मगर, इसी बीच करीब 15 पुलिसकर्मी एक के बाद एक कोर्ट रूम में दाखिल होने से सभी आरोपियों के चेहरे की हवाईयां उड़ गईं।

अब पुख्ता हो गया था कि ये सब उन्हें कस्टडी में लेने के लिए ही यहां आए हैं। इसके बाद कोर्ट ने सबसे पहले सर्वजीत को दोषी करार दिया। सर्वजीत की मां यह सुनते ही बिलखने लगी, जिसे ढांढस बंधाते वक्त उसके पिता की भी आंखें भर आईं। इसके बाद लता गुप्ता, तनु मल्होत्रा, दीपक मल्होत्रा और दीपक मल्होत्रा भी फफकने लगे।
Share To:

Post A Comment: