देहरादून। किटी के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। इस बार एक दंपती लोगों के लाखों रुपये लेकर फरार हो गया। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मसूरी के लंढौर बाजार में रहने वाली कुमुद गोयल ने बताया कि देहराखास निवासी तुषार थापर और उसकी पत्नी प्रीति थापर किटी चलाते थे। जिसमें कुमुद के साथ ही क्षेत्र की कई महिलाएं रुपये जमा करती थीं। बकौल कुमुद किट्टी 20 माह की थी। शुरुआत में आरोपित दंपती ने कई लोगों को किटी की धनराशि दी। लेकिन, नवंबर 2018 से किटी का पैसा देना बंद कर दिया।

किटी में शामिल लोग जब भी तुषार और प्रीति से रुपये देने के लिए कहते तो दोनों उन्हें जल्द रकम लौटाने का आश्वासन देकर टरका देते। बीती 14 जनवरी को दोनों घर में ताला डालकर फरार हो गए। इसके बाद से दोनों के मोबाइल भी बंद हैं। कुमुद ने बताया कि आरोपित दंपती के पास उनके अलावा मनप्रीत कौर, उर्मिला देवी, शिवाजी, कुसुम, संतोष गुप्ता और वैष्णवी के साढ़े चार लाख रुपये बकाया हैं। इसके अलावा भी आरोपितों ने कई महिलाओं के रुपये नहीं दिए। उन्होंने बताया कि ज्यादा दबाव बनाने पर प्रीति और तुषार ने कई महिलाओं को चेक दिए, लेकिन वह बाउंस हो गए। 

पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश की जा रही है। 

10.5 ग्राम स्मैक के साथ एक गिरफ्तार

क्लेमेनटाउन क्षेत्र में एक बड़े संस्थान से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे छात्र को पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। सीओ अनुज कुमार ने बताया कि बाजार चौकी प्रभारी नवीन जोशी पुलिस पार्टी के साथ पुरानी सब्जी मंडी वाले रास्ते पर तैनात थे। 

इस दौरान उन्होंने एक युवक को रुकने का इशारा किया तो वह भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने उसे घेरते हुए तलाशी ली तो उसके पास से 10.5 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपित की पहचान सार्थक के रूप में हुई है। पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
Share To:

Post A Comment: