दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगल ने पॉपुलर मैसेजिंग ऐप टूटॉक (ToTok) को एक बार फिर प्ले स्टोर से हटा दिया है. यह दावा किया जा रहा था कि इसका इस्तेमाल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सरकार द्वारा व्यापक निगरानी के लिए किया जा रहा है. ऐप को इससे पहले दिसंबर में ऐपल के ऐप स्टोर और गूगल के प्ले स्टोर से हटाया गया था.
9टू5 गूगल रिपोर्ट में शुक्रवार को बताया गया कि जिन लोगों ने यह ऐप इंस्टॉल कर रखा है, उनका डेटा सुरक्षित नहीं हैं, क्योंकि UAE द्वारा कथित तौर पर टूटॉक का इस्तेमाल हर प्रकार की गतिविधि पर नजर रखने के लिए किया जा रहा है.
इसमें लोगों की आपसी बातचीत से लेकर उनकी हर एक्टिविटी जैसे आपसी रिश्ते, लोग कहां जा रहे हैं और क्या कर रहे हैं, जैसी व्यक्तिगत चीजों पर निगरानी रखी जा रही है. इसके अलावा लोगों की भेजी जाने वाली फोटो और बाकी कंटेंट पर भी नजर रखी जा रही है.
खुफिया एजेंसियों से परिचित अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, यह ऐप जो कि टेलीग्राम और सिग्नल (ऐप) की तरह काम करता है, इसे मिडिल ईस्ट, यूरोप, एशिया, अफ्रीका और उत्तरी अमेरिका में एंड्रॉएड और आईओएस डिवाइस पर लाखों बार डाउनलोड किया गया है.


Post A Comment: