देहरादून। कोरोना से निपटने के लिए शासन ने तैयारिया तेज कर दी हैं। इस कड़ी में शासन ने हर जिले में कोरोना के लिए एक अस्पताल चिह्नित किया है। इन अस्पतालों में केवल कोरोना संदिग्ध व मरीजों का ही इलाज किया जाएगा। इसके साथ ही हाल में चयनित 201 चिकित्सकों को भी अस्पतालों में तैनाती दे दी गई है।

प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं इसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने इसकी रोकथाम की दिशा में तेजी से कदम आगे बढ़ाने का काम किया है। इस कड़ी में उत्तराखंड महामारी, कोविड-19 कानून के तहत हर जिले में एक अस्पताल विशेष तौर पर कोरोना के लिए समर्पित किया गया है। इन अस्पतालों में बागेश्वर, चंपावत, चमोली, पिथौरागढ़, रुदप्रयाग, ऊधमिसंह नगर, टिहरी व उत्तरकाशी के जिला अस्पताल, अल्मोड़ा का बेस अस्पताल, दून मेडिकल कॉलेज, मेडिकल अस्पताल हरिद्वार, सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज, बीडी पाडेय चिकित्सालय, नैनीताल, बेस अस्पताल कोटद्वार व श्रीनगर मेडिकल कॉलेज शामिल हैं।

सचिव स्वास्थ्य नितेश झा द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। इनमें कहा गया है कि इस व्यवस्था के अमल में आने से कोरोना के नियंत्रण में मदद मिलेगी। इसके साथ ही सरकार ने चिकित्सा चयन परिषद द्वारा चयनित 201 चिकित्सकों को भी विभिन्न चिकित्सालयों में तैनाती दे दी है। 
Share To:

Post A Comment: