देहरादून। देहरादून में देर शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। शाम को तेज हवाओं के साथ दून में काले बादल घिर आये। इसके बाद बूंदाबांदी के साथ कई इलाकों में गर्जन वाले बादल विकसित हुए। इसके बाद झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। उधर, मसूरी में भी शाम को अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गयी।

दून-मसूरी में शनिवार शाम को मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे पारा भी लुढ़क गया। तेज हवा के कारण कुछ इलाकों की बिजली गुल हो गई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को देहरादून में मौसम साफ रहेगा, लेकिन पर्वतीय इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी और तेज हवा चल सकती है। शनिवार को सुबह से दून चटख धूप रही, लेकिन देर शाम आसमान में घने बादल छा गए। तेज हवा के साथ ही कई जगह हल्की बूंदाबांदी भी हुई।

हालांकि इससे तापमान पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। दूसरी ओर इस बीच केदारनाथ धाम में पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का काम जारी है। केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रही वुड स्टोन कंस्ट्रक्शन कंपनी के केदारनाथ प्रभारी मनोज सेमवाल के अनुसार पैदल मार्ग पर अभी साढ़े पांच किलोमीटर भाग से बर्फ हटाई जानी है। गौरीकुंड से केदारनाथ धाम 16 किलोमीटर की दूरी में यही भाग ऐसा है, जहां करीब 10 से 15 फीट ऊंचे हिमखंड हैं।
Share To:

Post A Comment: