देहरादून। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और विधायक मुन्ना सिंह चौहान चमोली जिलाधिकारी के रवैये पर भड़क गए। पीएम रिलीफ फंड और सीएम रिलीफ फंड में सहायता राशि के चेक भाजपा नेता वीरेंद्र असवाल से लेने के दौरान जिलाधिकारी ने उठना तक गवारा नहीं समझा। सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में मुन्ना सिंह चौहान ने जिलाधिकारी के रवैये पर आपत्ति कर मुख्य सचिव से कार्रवाई की मांग की है।
नौकरशाहों के व्यवहार पर विधायक विधानसभा में अक्सर आपत्ति जताते रहे हैं। इस बार मामला सत्तारूढ़ दल के नेता के साथ चमोली जिलाधिकारी के व्यवहार का मसला तूल पकड़ गया। चमोली में भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र सिंह असवाल पीएम रिलीफ फंड और सीएम रिलीफ फंड में बतौर योगदान 50-50 हजार के चेक लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के कार्यालय पहुंचे। जिलाधिकारी ने सीट पर बैठे हुए ही इसे ग्रहण किया।
यह फोटो देखकर भाजपा प्रवक्ता व वरिष्ठ विधायक मुन्ना सिंह चौहान खफा हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर उक्त फोटो के साथ अपनी पोस्ट में जिलाधिकारी के व्यवहार पर सख्त आपत्ति जताई और इसे राष्ट्रीय कर्तव्य का अनादर करार दिया। अपनी पोस्ट में ही उन्होंने मुख्य सचिव से इस मामले का नोटिस लेकर कार्रवाई की मांग भी की है। इस संबंध में संपर्क करने पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि चमोली की जिलाधिकारी अच्छी और नौजवान अधिकारी हैं। उनसे गरिमापूर्ण व्यवहार की उम्मीद की जाती है। खासतौर पर राष्ट्रीय दायित्व की पूर्ति को जन साधारण आगे आए तो उसका सम्मान होना ही चाहिए।


Post A Comment: