देहरादून। दून में डेंगू ने एक और जिंदगी लील ली है। नेहरू कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय एक युवती की डेंगू से मौत हो गई है। युवती का उपचार हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में चल रहा था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। 

देहरादून जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गुप्ता ने डेंगू से युवती की मौत होने की पुष्टि की है। चिकित्सकों ने यह मामला मल्टी ऑर्गन फेल्योर का बताया है। डेंगू के कारण युवती की किडनी तक फेल हो गई थी। इससे पहले युवती का उपचार जोगीवाला स्थित कैलाश अस्पताल में चल रहा था।

अस्पताल में चार दिन भर्ती रहने के बाद हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसको एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर किया गया था। यहां पर कुछ घंटे रहने और वेंटीलेटर नहीं मिलने पर परिजन युवती को हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट ले गए। अस्पताल में 11 दिन वेंटीलेटर पर रहने के बाद सोमवार सुबह युवती की मौत हो गई। युवती क्लेमेनटाउन स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में ग्रेजुएशन प्रथम वर्ष की छात्रा थी। छात्रा की बहन को भी इससे पहले डेंगू हुआ था। बता दें, डेंगू से होने वाली यह सातवीं मौत है। यह अलग बात है कि अधिकांश मामलों में स्वास्थ्य विभाग डेथ ऑडिट की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहा है। 

इधर, जनपद देहरादून में 19 और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें आठ पुरुष व 11 महिलाएं शामिल हैं। इस तरह देहरादून में अब तक 661 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। अन्य जनपदों से भी अब तक 26 मरीज यहां इलाज के लिए आ चुके हैं। 

डेंगू के बढ़ते कहर से स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है। विभागीय अधिकारियों को सूझ नहीं रहा कि आखिर इस बीमारी की रोकथाम व बचाव के लिए और क्या किया जाए। क्योंकि डेंगू से निपटने के लिए अब तक के सभी इंतजाम नाकाफी ही साबित हुए हैं। यही वजह है कि डेंगू की बीमारी फैलाने वाले एडीज मच्छर की सक्रियता निरंतर बढ़ती जा रही है। 

उधर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी दावा करते थक नहीं रहे हैं कि डेंगू की बीमारी की रोकथाम व बचाव के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। विभागीय टीमें प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं। इस दौरान लोगों को बीमारी के बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। जिन घरों में मच्छर का लार्वा मिल रहा है उसको नष्ट किया जा रहा है। नगर निगम के अधिकारियों द्वारा उन घरों का चालान भी काटा जा रहा है जहां पर मच्छर का लार्वा अधिक मात्रा में मिल रहा है। 
Share To:

Post A Comment: