देहरादून। पुलिस के नए ट्रैफिक प्लान ने शहर का व्यापार ही चौपट कर दिया है। घंटाघर और आसपास का पूरा बाजार, दून शहर में खरीददारों का सबसे अहम ठिकाना रहता है, लेकिन बीते दो दिनों से पूरा बाजार ठप है। करोड़ों रुपये का कारोबार बैठ गया और व्यापारी खुलकर इस प्लान का विरोध कर रहे। व्यापारियों के साथ यह प्लान आमजन पर भी दोहरी चोट कर रहा। वन-वे की इस चक्कर-घिन्नी में लोग यहां से वहां चक्कर लगाकर ईंधन व समय तो गवां ही रहे, साथ ही अपनी पसंद की खरीददारी तक नहीं कर पा रहे।
नए ट्रैफिक प्लान में घंटाघर से राजपुर रोड और दर्शनलाल चौक की तरफ की दुकानों में कोई ग्राहक नहीं रुक पा रहा। पुलिस हर वाहन को आगे धकेल रही। राजपुर रोड पर दोनों सड़कों पर एक ही तरफ वाहन दौड़ाए जा रहे। जिससे एस्लेहाल से घंटाघर वाली तरफ का पूरा कारोबार ठप है। सभी वर्ग के लिए खरीददारी का मुख्य इंदिरा मार्केट पूरी तरह खाली दिख रहा। इसके संग ही पटेल मार्केट, एमडीडीए कांप्लेक्स, घंटाघर समेत पलटन बाजार का करोड़ों का कारोबार भी प्रभावित हुआ है।


Post A Comment: