देहरादून । उत्तराखंड में गणतंत्र दिवस का जश्न सुबह आठ बजे से शुरू हो गया। सड़कों पर स्कूल की प्रभात फेरियां निकाली गईं। जिसमें बच्चों में देशभक्ति का जोश दिखाई दिया। गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम देहरादून के परेड मैदान में हो रहा है। जिसमें महामहिम राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।
इस कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने आवास पर सुबह नौ बजे ध्वजारोहण किया। इसके बाद वह दस बजे परेड ग्राउंड में आयोजित राजकीय ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके साथ ही जिलाधिकारियों ने जिला मुख्यालयों में ध्वजारोहण किया। देहरादून स्थित पुलिस लाइन में भी तिरंगा फहराया गया। वहीं राज्यभर के स्कूलों में प्रभात फेरियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सात पुलिस अधिकारी सम्मानित

परेड ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के सात पुलिस अधिकारियाें को विशिष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। नैनीताल के उप निरीक्षक त्रिलोचन जोशी को विशिष्ट सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया।

विजिलेंस के सीओ मौहम्मद इकबाल फातेह, पुलिस मुख्यालय पर तैनात सीओ रमेश कुमार पाल, इंस्पेक्टर वीरेंद्र दत्त उनियाल, एटीसी के उप निरीक्षक मोहन गिरी, 31वीं वाहिनी पीएसी के प्लाटून कमांडर दिनेश चंद और हरिद्वार में तैनात उप निरीक्षक विशेष श्रेणी विक्रम सिंह को सराहनीय सेवाओं पर पुलिस पदक दिया गया। पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी और पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने उन्हें शुभकामनाएं दी है। 

मदरसे से भी निकाली गई रैली

हल्द्वानी में गणतंत्र दिवस के मौके पर क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया गया। जिसमें पुरुष वर्ग में विशाल पाल प्रथम, प्रकाश भट्ट द्वितीय और रमेश सिंह तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार महिला वर्ग में नेहा अधिकारी, नियम लोधीयाल और उत्कर्षा पांडे क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। हल्द्वानी में मदरसे से भी रैली निकाली गई। मदरसे के बच्चों ने इस दौरान देशभक्ति के गीत गाए।

गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड और अन्य आयोजन को लेकर शनिवार से ही राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई। डॉग व बम निरोधक दस्ते ने शहर की जांच की। आईआरबी के जवानों के साथ पीएसी की बटालियन को भी शहर में तैनात किया गया है। 

डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने कहा कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर अभी तक ऐसी कोई गतिविधि प्रकाश में नहीं आई है, जिसकी वजह से अलर्ट घोषित करना पड़े। लेकिन शहर में होने वाले आयोजनों को देखते हुए परेड ग्राउंड और आसपास के इलाके में पुलिस गश्त और चेकिंग बढ़ाई गई है।
Share To:

Post A Comment: