देहरादून । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीएम त्रिवेंद्र की मुलाकात के बाद अब सबकी निगाहें मुख्यमंत्री के अगले कदम पर लगी है। उनके दिल्ली से लौटने के बाद भाजपा के हलकों में यह चर्चा खासी गर्म है कि अगले कुछ दिनों में प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में क्षेत्रीय और जातीय समीकरण को तरजीह दिए जाने के बाद यही फार्मूला मंत्रिमंडल के विस्तार पर लागू होने की प्रबल संभावनाएं जताई जा रही हैं। यदि ऐसा होता है तो चर्चाओं में सबसे आगे चल रहे दावेदारों को झटका लग सकता है। बहरहाल, मुख्यमंत्री ने कैबिनेट विस्तार करने के संकेत तो दिए है, लेकिन ये कब होगा, इस बारे में अभी रहस्य ही बना हुआ है। पीएम से मुलाकात के बाद संगठन के भीतर इस बात की चर्चा है कि उन्हें कैबिनेट विस्तार को लेकर ग्रीन सिगनल मिल चुका है।


Post A Comment: