देहरादून । पुलिस ने नाथू स्वीट शॉप का मालिक बताकर कावेरी ज्वेलर्स से गोल्ड चैन ठगने वाले जालसाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी से 13 तोले की चेन के अलावा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। आरोपी का कहना कि दोनों किडनी बदलने के कारण हुए कर्ज को उतारने के लिए वह ठगी के धंधे में उतरा है। 
पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने बताया कि कावेरी ज्वेलर्स से गोल्ड चेन ठगने की यह घटना 27 जनवरी की है। किराए पर कार चलाने वाला आरोपी संदीप सेठी (58) निवासी जंगपुरा, बीए दक्षिणी दिल्ली उस दिन दिल्ली से सवारी लेकर दून पहुंचा था। संदीप ने ज्वेलरी शोरूम के मोबाइल नंबर पर फोन कर स्वयं को नाथू स्वीट शॉप चकराता रोड मालिक बताकर शॉप पर सोने की चेन मंगाई थी।
 
शोरूम के मैनेजर ने कर्मचारी को सोने की चेन लेकर स्वीट शॉप पर भेज दिया था। शॉप के बाहर चेन की डिलीवरी लेकर आरोपी ने कर्मचारी को फर्नीचर की दुकान पर भुगतान लेने भेज दिया था। ठगी का खुलासा होने पर इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। 

कार के नंबर से पकड़ में आया ठग

एसपी चौबे ने बताया कि वसंत विहार एसओ नत्थीलाल उनियाल और चौकी प्रभारी इंदिरानगर दीपक धारीवाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज में ठगी करने वाला शख्स एक कार में बैठता हुआ नजर आया। इसी आधार पर फुटेज से प्रयुक्त कार का नंबर ट्रेस किया गया। पुलिस ने नंबर के आधार पर दिल्ली में कार मालिक से संपर्क किया।
 
तब जाकर संदीप सेठी का नाम सामने आया। दिल्ली में पता चला कि आरोपी देहरादून गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी संदीप सेठी को शनिवार रात देहरादून से गिरफ्तार किया। आरोपी यहां ठगी की दूसरी घटना को अंजाम देने आया था। सोने की चेन के अलावा कार भी बरामद हो गई है। सीओ सिटी शेखर सुयाल इस दौरान मौजूद रहे। 

फिल्मों से लिया ठगी का आइडिया

हाईस्कूल पास संदीप सेठी ने वॉलीवुड की फिल्मों से ठगी का आइडिया लिया था। दरअसल सेठी ने अपनी दोनाें किडनी बदलवाई थी। जिसमें लाखों का खर्च हुआ था। इसी कर्ज को उतारने को आरोपी ने ठगी के धंधे में उतर गया।
 
एसपी सिटी चौबे का कहना है कि आरोपी ने घटना को अंजाम देने को खूब दिमाग चलाया है। कावेरी ज्वेलर्स को कॉल करने में अपने फोन का इस्तेमाल नहीं किया है। संदीप ने फूल बेचने वाले का मोबाइल बहाने से लेकर कॉल की थी। बरामद कार भी उसके परिचित की है, जिसे वह किराए पर चलाता था। 

डॉक्टर गैंग करता था ऐसे ठगी

सराफ एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे से मिलकर पुलिस की सराहना की है। उन्हाेंने कहा कि इससे पहले डॉक्टर गैंग इस तरह ठगी करता था। शहर के कई नामी डाक्टरों के नाम पर आभूषणों की डिलीवरी मंगाकर ठगी की है। जेवरात बेचने वालों को बार-बार अलर्ट किया जा रहा है।
Share To:

Post A Comment: