देहरादून। राज्यपाल से अनुमति मिलने के बाद विधानसभा सचिवालय ने 25 मार्च से देहरादून में होने वाले विधानसभा के बजट सत्र के अगले चरण की अधिसूचना जारी कर दी। वहीं, 24 मार्च को विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति की बैठक बुलाई गई है, जिसमें सत्र का बिजनेस तय किया जाएगा। माना जा रहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को चल रही कसरत को देखते हुए सत्र की अवधि कम की जा सकती है।

विधानसभा का बजट सत्र तीन मार्च से गैरसैंण में शुरू हुआ, जो सात मार्च को 25 मार्च तक के लिए स्थगित किया गया था। सत्र के दौरान चार मार्च को राज्य का वर्ष 2020-21 का बजट पेश हुआ था। इस पर सामान्य चर्चा भी हो चुकी है और अब विभागवार बजट पास होना है। 

राज्य में कोरोना को महामारी घोषित किए जाने के बाद इसे लेकर ऊहापोह बनी हुई थी कि बदली परिस्थितियों में सत्र गैरसैंण में होगा अथवा दून में। अब सरकार ने निर्णय लिया है कि कोरोना के मद्देनजर सत्र देहरादून में होगा। कैबिनेट में यह निश्चय हुआ और फिर विधानसभा को अवगत करा दिया गया। 

विधानसभा सचिवालय ने बजट सत्र देहरादून में करने की अनुमित के लिए राज्यपाल से आग्रह किया। राजभवन ने इसे मंजूरी दे दी और फिर शुक्रवार को सचिव विधानसभा जगदीश चंद की ओर से बजट सत्र के शेष कार्यRम की अधिसूचना जारी कर दी गई। उधर, 24 मार्च की शाम को विधानसभा में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक बुलाई गई है।
Share To:

Post A Comment: