देहरादून I इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी देहरादून के एक ट्रेनी आईएफएस अफसर में कोरोना की पुष्टि हुई है। संक्रमित ट्रेनी को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, अस्पताल में भर्ती कर दिया है। इनके अलावा सेलाकुई के एक शिक्षण संस्थान के छात्र-छात्रा को कोरोना जैसे लक्षण सामने आने पर भर्ती किया गया है। उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण का पहला मामला सामने आने से अकादमी से लेकर शासन तक में हड़कंप की स्थिति है।

सभी ट्रेनी आईएफएस और अन्य पर रखी जा रही नजर
उल्लेखनीय है कि बृहस्पतिवार देर शाम और शुक्रवार को फीनलैंड, स्पेन और रूस आदि देशों से अकादमी के 62 ट्रेनी अफसर प्रशिक्षण लेकर देहरादून लौटे थे। बाहरी देशों से आने पर संस्थान ने इसकी सूचना जिले के स्वास्थ्य विभाग को दी।

डॉक्टरों की टीम ने अकादमी पहुंचकर विदेश से लौटे सभी ट्रेनी आईएफएस अफसरों की स्क्रीनिंग की। जिनमें कोरोना जैसे लक्षण नजर आने पर शुक्रवार को चार और शनिवार को दो ट्रेनी अफसरों के सैंपल लेकर डॉ. सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी जांच के लिए भेजा। रविवार को दो सैंपल की जांच रिपोर्ट आ गई है। जिसमें एक में कोरोना की पुष्टि हुई है। चार की रिपोर्ट आना अभी बाकी है।

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी आइसोलेशन जोन घोषित
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी के दो परिसरों को कोरेंटीन व आइसोलेशन जोन घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने उत्तराखंड ऐपिडेमिक डिजीज कोविड- 19 रेगुलेशन एक्ट के तहत आदेश जारी किया है।

उन्होंने बताया कि अकादमी के न्यू हॉस्टल छात्रावास के ब्लॉक ए से लेकर ई तक और एफ ब्लॉक के पश्चिमी विंग को कोरेंटीन जोन घोषित किया गया है। अकादमी के न्यू हास्टल के ब्लाक एफ की पूर्वी विंग को आइसोलेशन जोन घोषित किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. श्रीवास्तव ने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी न्यू फारेस्ट हॉस्पिटल एफ आरआई को निर्देश दिए हैं कि सभी ब्लाकों में रह रहे सभी प्रशिक्षु अधिकारियों की प्रतिदिन जांच करायी जाए और उनकी स्वास्थ्य रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से जिला प्रशासन को मुहैया करायी जाए ताकि रिपोर्ट को सरकार व शासन को भेजी जा सकें।

इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती और यदि ऐसा पाया गया तो संबंधित अधिकारियाें के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी में कोरोना वायरस पाए जाने के संबंध में जब अकादमी के एडिशनल डायरेक्टर एसके अवस्थी से जानकारी चाही गई तो संपर्क नहीं हो पाया।
Share To:

Post A Comment: