कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रदेश में लगभग 65 हजार लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इसमें चंपावत व पिथौरागढ़ जनपद के सीमावर्ती क्षेत्रों में 23 हजार और जौलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ एयरपोर्ट पर 42 हजार लोगों की स्क्रीनिंग की गई।
प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण का पहला मामला सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. अमिता उप्रेती ने चिकित्सा सुविधा के लिए सीएमओ देहरादून डॉ. मीनाक्षी जोशी को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए है। वायरस से संक्रमित मरीज को निगरानी के लिए आईसोलेशन में रखा गया है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार चंपावत जनपद के बनबसा, टनकपुर, पिथौरागढ़ जनपद के धारचूला, बलुआकोट, जौलजीवी, झूलाघाट, ड्यूरा और ऊधमसिंह नगर के खटीमा की सीमाओं के साथ देहरादून, पंतनगर व पिथौरागढ़ एयरपोर्ट पर 65 हजार लोगों की स्क्रीनिंग की गई है।
कोरोना वायरस के 25 सैंपल जांच को भेजे
स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना वायरस के लक्षण पाए जाने पर प्रदेश भर में अब तक 25 सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। जिसमें 17 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जबकि स्पेन की यात्रा से लौटे एक प्रशिक्षु आईएफएस का सैंपल पॉजिटिव पाया गया। सात सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है। जांच के लिए भेजे गए सैंपल देहरादून, हरिद्वार व नैनीताल जनपद के हैं।
विदेशों से आए 175 यात्री निगरानी में
31 दिसंबर 2019 के बाद चीन या अन्य प्रभावित देशों से 526 यात्री उत्तराखंड में आए हैं। इसमें 351 यात्रियों की 28 दिन की निगरानी अवधि पूरी हो चुकी है। जबकि 175 यात्री स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं। इसमें एक यात्री अस्पताल में है।
स्पेन देश के भ्रमण से लौटे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी के प्रशिक्षु आईएफएस में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि की है। हल्द्वानी मेडिकल कालेज की लैब से सैंपल की जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। संक्रमित मरीज पूरी तरह से स्वस्थ है और निगरानी के लिए आईसोलेशन में रखा गया है।
- डॉ. अमिता उप्रेती, महानिदेशक, स्वास्थ्य
Post A Comment: