रुड़की । उत्तराखंड के रुड़की में राहत शिविरों में रहने वाले प्रवासी कामगारों के सब्र का बांध अब टूटने लगा है। इसी कड़ी में लॉकडाउन की अवधि बढ़ने की आहट के बीच लक्सर कस्बे के राहत शिविरों में रह रहे 50 से अधिक लोगों ने रविवार रात भूख हड़ताल कर दी। उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने उन्हें घर भेजने की व्यवस्था नहीं की तो वे खाना नहीं खाएंगे। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बीडीओ ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी जिद पर अड़े रहे। बाद में एसडीएम के आश्वासन पर उन्होंने खाना खा लिया।
रविवार शाम को लक्सर के कुछ समाजसेवी युवराज पैलेस के शिविर में खाना लेकर पहुंचे तो 62 में से केवल दस लोगों ने ही खाने के पैकेट लिए। बाकी लोग खाना लेने से इंकार कर भूख हड़ताल पर बैठ गए। उनका कहना था कि जब वे लौट रहे थे तो उस समय प्रशासन ने केवल दो हफ्तों की बात कहकर शिविर में रोका था। साथ ही 14 अप्रैल के बाद घर भेजने की बात कही थी। जिस तरह से अब लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाने की बात सामने आ रही है, उससे लगता है कि उन्हें तब तक यहीं रहना पड़ेगा।
सूचना मिलते ही बीडीओ चंदन लाल राही मौके पर पहुंचे और राहत शिविर में लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। बीडीओ का कहना है कि राहत शिविर में जिन लोगों को रोका गया है, उन्हें सरकार के आदेश के बाद ही घर भेजा जा सकता है।


Post A Comment: