हरिद्वार। कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर मेला अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में लाया गया युवक स्वास्थ्यकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। युवक राजाजी टाइगर रिजर्व के जंगल में घुस गया, लेकिन स्वास्थ्यकर्मियों ने उसे पीछा कर पकड़ लिया। जिसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। युवक के सैंपल जांच को भेजे जा रहे हैं।
लक्सर क्षेत्र के सुल्तानपुर में एक मस्जिद में आई जमात में में शामिल 11 लोगों में से असम के एक युवक की तबीयत खराब हो गई। युवक में कोरोना जैसे लक्षण दिखाई देने पर मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मस्जिद में एक एंबुलेंस भेजी गई। जहां से युवक को हरिद्वार के मेला अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में लाया गया। जब युवक को एंबुलेंस से नीचे उतारा जा रहा था तो वह स्वास्थ्यकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया।
जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक राजेश गुप्ता के मुताबिक, युवक को भर्ती कराने के लिए लाया गया था, लेकिन वह फरार हो गया। उसे बाद में पकड़कर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। सैंपल को जांच के लिए भेज दिया गया है।
तीन जमातियों की तबीयत बिगड़ी
निजामुद्दीन मरकज से लौटे 23 जमातियों में से तीन को बुखार और दूसरी समस्याएं होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। तीनों लोगों को जांच और इलाज के लिए हरिद्वार जिला अस्पताल भेजा गया है, सभी को आइसोलेशन में रखा गया है। अन्य स्वास्थ्य परीक्षण में सामान्य मिले हैं। इन सभी को क्वारंटाइन किया गया था। ये सभी सुल्तानपुर के अलावा अन्य गांवों की मस्जिदों में रुके हैं।


Post A Comment: