हल्द्वानी: शबे बरात को लेकर हल्द्वानी के उलेमाओं ने लोगों से घर पर रह कर इबादत करने की अपील की। उजाला नगर स्थित उमर मस्जिद के पेश इमाम मौलाना मोहम्मद मुकीम ने कहा कि इस्लाम में शबे बरात की काफी अहमियत है। ऐसे में अकीदतमंद अपने घरों में बैठकर कोरोना वायरस से लड़ने के लिए रब की बारगाह में दुआ करें। कहा कि इस वक़्त कोरोना की महामारी से सभी परेशान हैं। जिसको देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश भर में लॉकडाउन किया है। लॉकडाउन का सभी को लॉक डाउन का सख़्ती से पालन करना चाहिए।
क़ब्रिस्तान कमेटी ने प्रशासन से की अपील की
शबे बरात पर्व को लेकर क़ब्रिस्तान कमेटी ने डीएम को पत्र जारी किया है। इसमें कहा गया है कि शबे बरात के दिन क़ब्रिस्तान में पूरे 24 घंटे लोगों का आवागमन रहता है। लोग हज़ारों की संख्या में क़ब्र पर फ़ातिहा पढ़ने के लिए पहुँचते हैं। ऐसे में प्रशासन से अपील है कि नौ अप्रैल यानी शबे बरात के दिन प्रशासन क़ब्रिस्तान के पांचों गेट की निगरानी करें, ताकि कोई भी लॉकडाउन का उल्लंघन न कर सके।
नौ अप्रैल को मनाया जाएगा शबे बरात
पेश इमाम मुकीम ने कहा कि इन दिनों कोरोना वायरस के कारण देश मुश्किल वक़्त से गुज़र रहा है। हिन्दुस्तान के अलावा दुनिया के कई मुल्क कोरोना महामारी से परेशान हैं। ऐसे में अकीदतमंद से अपील है कि शबे बरात के दिन घर पर रह नमाज़ अदा करें। साथ ही रोज़ा रखकर मुल्क की हिफ़ाज़त के लिए भी दुआ करें।


Post A Comment: