हल्द्वानी: नेता प्रतिपक्ष डाॅ. इंदिरा हृदयेश ने राशन वितरण में प्रशासनिक तंत्र के फेल होने का आरोप लगाया है। इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक बंशीधर भगत ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ आलोचना करना जानती है। कुछ दिनाें पहले तक नेता प्रतिपक्ष खुद राशन बंटवा रही थीं, कार्यकर्ताओं से भी मदद करने की अपील कर रही थीं। तब तो फिजिकल डिस्टेंसिंग का बिल्कुल पालन नहीं किया गया। तब इतनी व्यवस्था चौपट थी कि राशन लेने के लिए लोग धक्का-मुक्की तक कर रहे थे।
भगत ने कहा कि दो दिन पहले काठगोदाम में कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, मेयर डाॅ. जोगेंद्र रौतेला व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट राशन वितरण कार्यकम में गए थे, लेकिन नेता प्रतिपक्ष वहां नहीं आईं। जबकि वहां पर डेढ़-डेढ़ मीटर निशान लगाकर राशन वितरित किया गया। सख्ती से नियमों का पालन करते हुए उचित व्यक्ति को राशन दिया गया। इनको तब खराब लगा। इन्होंने इसकी शिकायत सीएम तक से कर दी। जब ये बांट रहे थे, तब कोई दिक्कत नहीं थी। प्रशासन ने जब नियमों का हवाला देते हुए मना कर दिया, इनके अनुसार पूरा तंत्र फेल हो गया।
भगत ने कहा कि वैसे भी यह राशन कोई पार्टी नहीं बांट रही है। सरकार बंटवा रही है। जिस नेता को वहां जाना है जाए। हमें इसमें कोई दिक्कत नहीं। दमुवाढूंगा में जहां की बात नेता प्रतिपक्ष कर रही हैं, वहां नियमानुसार व्यवस्था की गई थी। प्रशासन ने अच्छे ढंग से काम किया। स्वयं नेता प्रतिपक्ष वहां गई, लेकिन लोगों के ज्यादा आने से राशन कुछ कम पड़ गया था। उनकी आपत्ति इतनी है कि वहां पर यह नहीं कहा जा रहा था कि इंदिरा हदयेश राशन बंटवा रही है। जबकि राशन सरकार बंटवा रही है।


Post A Comment: