हरिद्वार I हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार के साथ एक और उपलब्धि जुड़ी है। यहां के छात्र रहे आचार्य सोमवीर इंडोनेशिया के बाली प्रांत की विधानसभा के सदस्य चुने गए हैं। रेवाड़ी (हरियाणा) के रहने वाले आचार्य सोमवीर पहले भारतीय हैं, जिन्हें यह गौरव हासिल हुआ है। 

आचार्य सोमवीर के बालसखा और उनके चुनाव में सक्रिय भूमिका निभा कर लौटे चेतन ज्योति आश्रम के महंत स्वामी ऋषिश्वरानंद महाराज ने बताया कि विगत अप्रैल माह में वहां विधानसभा का चुनाव हुआ था और आचार्य सोमवीर भारी बहुमत से जीते। विगत दो सितंबर को शपथ ग्रहण हुआ। शपथ ग्रहण समारोह में आचार्य सोमवीर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। 

आचार्य सोमवीर ने  बताया कि हरिद्वार से उनका गहरा लगाव है। वर्ष 1984 में उन्होंने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में विद्या विनोद की पढ़ाई की थी। इसके बाद वह 1995 में योगाचार्य बनने के लिए बाली पहुंच गए थे।
वहां योग के क्षेत्र में काफी काम और नाम कमाने के बाद समाजसेवा से जुड़ गए। आचार्य सोमवीर ने बताया कि उनकी इच्छा इंडोनेशिया और भारत के बीच सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देने की है। खासतौर पर उत्तराखंड के आध्यात्म और सुरम्य पर्यटन स्थलों का इंडोनेशिया और बाली के भौगोलिक परिवेश से काफी तालमेल है।

गंगा के प्रति बाली के लोगों में अगाध आस्था है। जल्दी ही बाली की पूरी कैबिनेट को हरिद्वार लाने की कार्ययोजना पर भी काम कर रहे हैं। स्वामी ऋषिश्वरानंद ने बताया कि जल्दी ही इस कार्य योजना को मूर्त रूप दिया जाएगा और हरिद्वार में हर की पैड़ी पर बाली की पूरी कैबिनेट तथा उनके साथ आने वाले श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया जाएगा।  
Share To:

Post A Comment: