देहरादून। मौसम में आए बदलाव से उत्तराखंड कड़ाके की ठंड की चपेट में है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं मंडल की पहाडिय़ों पर अच्छी बर्फबारी हुई है। शाम को मसूरी के पास की सुरकंडा की पहाडियों पर भी हिमपात शुरू हो गया। कुमाऊं में मानसरोवर यात्रा मार्ग बर्फ से ढक गया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक रुक-रुक कर बारिश हो रही है।

मौसम का मिजाज शुक्रवार को भी ऐसा ही रहेगा। इस दौरान मौसम विभाग ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों की यात्रा के दौरान सतर्कता की सलाह दी है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर देहरादून, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में जिला प्रशासन ने शुक्रवार को 12वीं तक के स्कूल बंद करने की आदेश दिए हैं।

गुरुवार देर रात से ही मौसम के तेवर तल्ख होने लगे। बदरीनाथ और केदारनाथ में शाम तक करीब डेढ़ से दो फीट बर्फबारी हो चुकी थी। भारी बर्फबारी से जोशीमठ से आगे बदरीनाथ हाईवे बंद हो गया है।  वहां अब भी रुक-रुक बर्फ गिर रही है। गंगोत्री और यमुनोत्री में भी बर्फबारी का दौर जारी है। इसके अलावा चमोली में हेमकुंड साहिब, नीती और माणा घाटी के साथ ही प्रसिद्ध पर्यटक स्थल औली ने भी बर्फ की चादर ओढ़ ली है।

औली में करीब दो फीट बर्फबारी हुई है। जबरदस्त हिमपात से जोशीमठ औली मोटर मार्ग भी बंद हो गया है। सीजन के दूसरे हिमपात का सैलानियों ने जमकर लुत्फ उठाया। उत्तरकाशी जिले में हर्षिल में हल्की बर्फ गिरी तो देहरादून जिले के जनताजीय क्षेत्र चकराता में भी बर्फबारी जारी है।

Share To:

Post A Comment: