रांची : झारंखड मुक्ति मोर्चा (JMM) के हेमंत सोरेन आज झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ ग्रहण का कार्यक्रम रांची के मोरहाबादी मैदान में दोपहर 2 बजे होगा। सोरेन ने इसे राज्य के नवनिर्माण का संकल्प दिवस करार दिया है। सोरेन ने एक विज्ञप्ति जारी कर राज्य की सवा तीन करोड़ जनता से अपील की, 'मोरहाबादी आइए और हम सब इसके साक्षी बनें।'

शनिवार को सोरेन ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से रांची में मुलाकात की। बनर्जी उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी। देश के कई शीर्ष नेता और कई राज्यों के मुख्यमंत्री इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। नेताओं के अलावा कई बड़े उद्योगपति भी शामिल होंगे।

शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी, एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार, बसपा अध्यक्ष मायावती, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी, पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम और अहमद पटेल, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम माझी, पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर, भाकपा के महासचिव डी राजा, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी के भी कार्यक्रम में आने की सहमति मिल चुकी है। 
Share To:

Post A Comment: