केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को औली की वादियों का जमकर लुत्फ उठाया। आईटीबीपी और गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधिकारियों के साथ उन्होंने औली की बर्फीली ढलानों का निरीक्षण किया। कहा कि औली विंटर गेम्स के लिए भी बेहद मुफीद है, इसके लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने रविवार सुबह आईटीबीपी जवानों के साथ बर्फ की ढलानों पर दौड़ लगाकर जवानों को फिट इंडिया का संदेश दिया। उन्होंने औली के विकास को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा भी की। रिजिजू अपने दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को औली पहुंचे थे। उन्होंने यहां स्नो स्कूटर की सवारी करने के साथ ही औली के प्राकृतिक सौंदर्य को भी करीब से निहारा।
रविवार को उन्होंने औली के विभिन्न स्थानों पर जाकर निरीक्षण किया। रिजिजू ने कहा कि औली बहुत खूबसूरत स्थान है, लेकिन इसे विकसित करने की जरूरत है। यहां अभी भी कई कमियां हैं, जिन्हें दूर करना केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यहां से लौटने के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ औली में विंटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने को लेकर चर्चा करूंगा। इस मौके पर आईटीबीपी औली के प्रधानाचार्य गंभीर सिंह चौहान, आईटीबीपी के स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर के डीआईजी पवन नेगी, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. महेंद्र कुमार, सहायक सेनानी नरेंद्र सिंह रावत, किशोर डिमरी आदि मौजूद थे।
Post A Comment: