देहरादून। कोरोना के लिहाज से उत्तराखंड में स्थिति स्थिर है। गुरुवार को सभी 186 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब तक एक दिन में जांचे गए सैंपलों की भी यह संख्या सर्वाधिक है। इससे पहले 5 अप्रैल को 148 सैंपल की जांच हुई थी। वर्तमान में राज्यभर में 62424 लोग होम क्वारंटाइन व 1898 संस्थागत क्वारंटाइन में हैं। बुधवार की तुलना में यह संख्या 9338 बढ़ गई है। बहरहाल राज्य में अब तक कोरोना संक्रमित 37 मरीज सामने आ चुके हैं। जिनमें नौ ठीक होकर अस्पतालों से डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 28 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को एम्स ऋषिकेश, हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज व दून स्थित आहूजा पैथोलॉजी लैब से कुल 186 सैंपल की रिपोर्ट आई है। यह सभी निगेटिव हैं। इनमें सबसे अधिक देहरादून से भेजी गई 61 सैंपल शामिल है। वहीं हरिद्वार से 57, नैनीताल से 40, उत्तरकाशी से 13, ऊधमसिंहनगर से 10, बागेश्वर से चार व अल्मोड़ा से एक सैंपल की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। जबकि निजी पैथोलॉजी लैब के पांच सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव है। 

अब तक 2593 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जिनमें 2210 मामलों में जांच रिपोर्ट निगेटिव और 37 की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। हालांकि 346 मामलों की रिपोर्ट आनी बाकी है। वर्तमान में विभिन्न अस्पतालों में कोरोना संक्रमित/संदिग्ध 450 मरीज चिकित्सकों की निगरानी में भर्ती हैं। अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने बताया कि कोरोना हॉटस्पॉट में नियमित रूप से सर्विलांस, कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग व सैंपलिंग की जा रही है। लोगों को वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।
Share To:

Post A Comment: