देहरादून। प्रदेश में सरकारी स्कूलों के लिए शिक्षा सत्र आगामी एक जुलाई से प्रारंभ होने के आसार हैं। प्रदेश में नया शैक्षिक सत्र एक अप्रैल से प्रारंभ हो चुका है। कोरोना वायरस के प्रकोप को रोकने के लिए सरकार 21 दिन के लॉकडाउन को अगले पखवाड़े यानी 30 अप्रैल तक बढ़ाने जा रही है। वहीं कोरोना संक्रमण से स्कूली बच्चों को बचाने के लिए 15 मई तक शिक्षण संस्थानों को बंद करने का फैसला सरकार ले चुकी है।
ऐसे में सरकारी स्कूलों के लिए पुराने तर्ज पर चालू शैक्षिक सत्र के स्थान पर आगामी एक जुलाई से नया सत्र शुरू किया जा सकता है। इससे गर्मियों की छुट्टियों में भी सरकारी शिक्षण संस्थाएं बंद रहेंगे। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पहले भी एक जुलाई से शैक्षिक सत्र होता रहा है।
ऐसे में गर्मियों की छुट्टियों में पढ़ाई शुरू करने के स्थान पर पुराने तर्ज पर ही शैक्षिक सत्र पर विचार किया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम को भी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।


Post A Comment: