देहरादून I राजधानी और आसपास के इलाकों में बुधवार को इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात रहेगी। दून में रात को पारा पांच डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है। वहीं मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार रात और ठंड रहने का अनुमान जताया है।
शहर क्षेत्र में दिन के समय गुनगुनी धूप पड़ रही है, जिससे अधिकतम तापमान 20 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। लेकिन रात को तापमान में तेजी से कमी आ रही है और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री तक पहुंच रहा है। बुधवार को यह 4.5 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री कम बना हुआ है।

वहीं, बृहस्पतिवार को रात के तापमान में करीब आधा डिग्री की कमी और आ सकती है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि सभी इलाकों में मौसम साफ बना रहेगा। कुछ क्षेत्रों में हल्का कोहरा भी छाया रह सकता है।

हरिद्वार-ऊधमसिंह नगर में कोल्ड डे कंडीशन

हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत प्रदेश के अन्य मैदानी क्षेत्रों में कोल्ड डे कंडीशन होने के आसार हैं। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छा रहा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम बना हुआ है।

रुड़की: ठंड और शीतलहर का प्रकोप बढ़ा, ठिठुरे लोग

ठंड और शीतलहर ने लोगों की कंपकपी छुड़ा दी। दिनभर धूप नहीं निकलने और ठंडी हवाओं के प्रकोप ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। ठंड के चलते सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। वहीं, सार्वजनिक स्थलों, रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी इक्का दुक्का यात्री ही नजर आए। जगह-जगह लोग अलाव में हाथ तापते नजर आए। इतना ही नहीं कोहरे और शीतलहर का असर हाईवे पर दिखाई दिया। हाईवे पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए।

बुधवार को ठंड और शीतलहर के प्रकोप ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह से ही आसमान में कोहरा छाया रहा और शीतलहर चलती रही। कोहरे और शीतलहर के चलत लोग सुबह घर से कम ही निकले। लोग धूप निकलने का इंतजार करते रहे। बुधवार को अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 8.5 दर्ज किया गया। ऐसे में अधिकतम तापमान में 5.5 और न्यूनतन तापमान में 1.5 डिग्री गिरावट दर्ज की गई। तापमान गिरने से लोगों का ठंड से बुरा हाल हो गया।

लोग ठंड से बचने के लिए अपने ही घरों में कैद रहे। सुबह से लेकर शाम तक बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। बाजार में कम खरीदार आने के चलते दुकानदारों को मायूसी का सामना करना पड़ा। दिनभर दुकानदार हाथ पर हाथ धरे बैठे नजर आए। वहीं, सर्दी से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। शहर में जगह-जगह लोग अलाव पर तापते नजर आए। इतना ही नहीं कोहरे और शीतलहर का असर यातायात पर भी खासा दिखाई दिया। रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की संख्या कम दर्ज की गई। इसके अलावा हाईवे पर भी वाहन धीमी गति से दौड़ते नजर आए।
Share To:

Post A Comment: